आदित्यपुर में कचरा निष्पादन पर गरमाई राजनीति: भाजपा ने झामुमो नेता भुगलु सोरेन के आरोपों को किया खारिज, राज्य सरकार को घेरा

आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। शनिवार को आदित्यपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी ने झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व झामुमो समर्थित महापौर प्रत्याशी भुगलु सोरेन (उर्फ डब्बा सोरेन) द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ा पलटवार किया।

गणेश कालिंदी ने कहा कि भुगलु सोरेन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन और आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार के खिलाफ की गई बयानबाजी पूरी तरह निराधार और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 से 2026 तक नगर निगम में कोई जनप्रतिनिधि नहीं था और उस दौरान राज्य की झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार ने ही पूरे शहर की सफाई का टेंडर ‘क्यूब’ (Qube) नामक एजेंसी को दिया था। तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यह एजेंसी कचरा उठाव करने में पूरी तरह विफल रही है।

 

भाजपा नेताओं ने खुलासा किया कि मिरुडीह में कचरा निष्पादन के लिए चयनित स्थल पर बाउंड्री निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका था, जिसे झामुमो समर्थित लोगों द्वारा बैठक कर रुकवा दिया गया। इसके अलावा, क्यूब कंपनी की लचर कार्यशैली को देखते हुए महापौर ने 17 अगस्त 2026 को ही मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और सचिव को पत्र लिखकर इस एजेंसी को हटाने की मांग की थी, लेकिन राज्य सरकार ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने राज्य सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहाँ झामुमो समर्थित महापौर हैं, वहाँ पर्याप्त फंड और जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा दी जा रही है, जबकि भाजपा समर्थित निगम क्षेत्रों के साथ भेदभाव हो रहा है। प्रेसवार्ता में महामंत्री संजीव सिंह, आदित्यपुर पश्चिम मंडल अध्यक्ष किशन प्रधान, शुभम कुमार, प्रेस प्रवक्ता गुरजीत सिंह, संतोष शाह, पवन महतो और आरआईटी मंडल महामंत्री मिंटू पांडे मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *