परिसर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, शुल्क वसूलने की अफवाहें निराधार: डिप्टी मेयर अंकुर सिंह
•
• योजना पर करीब 500 स्थानीय निवासियों ने दर्ज कराई उपस्थिति
आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड वार्ड-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण और सुनियोजित विकास की राह साफ हो गई है। मंगलवार शाम वार्ड पार्षद श्रीमती अंजू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित विशेष वार्ड सभा में मैदान के विकास से जुड़े सभी 10 प्रस्तावों को उपस्थित जनसमूह ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

इस बैठक में वार्ड के करीब 500 निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि इस योजना का विरोध कर रहा विपक्षी खेमा पूरी तरह नदारद रहा। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने मैदान को पार्क बनाकर प्रवेश शुल्क वसूलने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परिसर आम जनता के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। पारदर्शी तरीके से जनता की मंशा के अनुरूप 10 बिंदुओं पर सहमति बनी है और निगम इन्हीं प्रस्तावों पर काम करेगा। अटल पार्क के पूर्व वेंडर द्वारा राजस्व व जीएसटी न देने पर ठेका रद्द किए जाने का उदाहरण देते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां जनहित सर्वोपरि रहेगा।
कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर जनमत जानने के लिए यह सभा बुलाई गई थी। किसी भी बिंदु पर असहमति नहीं जताई गई है। अब इन प्रस्तावों को निगम की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा, जिसके बाद कंसल्टेंट के जरिए डीपीआर (DPR) तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए रांची भेजा जाएगा।
पार्षद प्रतिनिधि संजीव कुमार सिंह ‘बबुआ’ ने बताया कि यह योजना पार्षद द्वारा महापौर को सौंपे गए मांग पत्र पर आधारित है। इसके तहत दुर्गा व काली पूजा और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थान सुरक्षित रखने के साथ ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, वॉलीबॉल-बैडमिंटन कोर्ट, बच्चों का खेल क्षेत्र, दूधिया रोशनी, डीप बोरिंग, पार्किंग और अतिक्रमण रोकने को पूर्वी छोर पर 10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल बनेगी।
कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार सिंह ‘बबुआ’ और धन्यवाद ज्ञापन मंजू ठाकुर ने किया। सभा में सहायक अभियंता सुरेंद्र सुंडी और कनीय अभियंता नीलम पूर्ति भी मौजूद रह








