वार्ड संख्या-2 के सातवाहिनी, जुलुमटांड़ और धीराजगंज में तड़के सुबह से उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, नगर भ्रमण कर मांगी क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
आदित्यपुर : पवित्र दामोदर माह और कार्तिक संक्रांति के पावन अवसर पर मंगलवार की तड़के सुबह 4:00 बजे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में भव्य हरिनाम संकीर्तन और नगर भ्रमण का आयोजन किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में निकली इस आध्यात्मिक प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संकीर्तन की शुरुआत तड़के सुबह सातवाहिनी से हुई, जिसके बाद भजन मंडली और श्रद्धालुओं का जत्था जुलुमटांड़ तथा धीराजगंज के विभिन्न मार्गों से गुजरा। संपूर्ण नगर भ्रमण के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों—मृदंग और करताल की थाप पर भक्तों द्वारा गाए जा रहे “हरे रामा हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे” के मधुर संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह 4:00 बजे से ही बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा कर संकीर्तन मंडली का स्वागत किया।
आयोजकों ने बताया कि कार्तिक (दामोदर) माह में प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन का विशेष धार्मिक महत्व है। इससे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में आपसी भाईचारा और शांति बनी रहती है। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में देवांग चांदमुखी, अनूप दास, नंदू मुखी एवं महेश्वर महतो सहित स्थानीय ग्रामीणों और युवा समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। नगर भ्रमण के समापन पर सामूहिक प्रार्थना के साथ क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।







