दो आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के बावजूद शव रखकर सड़क अवरुद्ध करने का प्रयास; बाहरी लोगों की संलिप्तता आई सामने, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
आदित्यपुर : निखिल कुमार डे हत्याकांड को लेकर बुधवार को आदित्यपुर में सड़क पर विरोध और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर शव के साथ टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर पहुंचे, जहां कुछ लोगों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित करने का प्रयास किया।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब आदित्यपुर पुलिस ने हत्या की सूचना मिलते ही चंद घंटों के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, तो फिर मुख्य मार्ग पर शव रखकर आम नागरिकों की आवाजाही बाधित करने का औचित्य क्या था?
जानकारी के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मानगो क्षेत्र से पहुंचे कुछ बाहरी लोग भी भीड़ में शामिल हो गए और सड़क जाम करने के लिए लोगों को उकसाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पहले परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब कुछ उपद्रवी तत्वों ने हंगामा तेज करते हुए यातायात अवरुद्ध करने की कोशिश की, तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें मौके से खदेड़ दिया और मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारू कराया।
पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों से स्पष्ट रूप से उनकी मांगें पूछी गईं, ताकि कानून के दायरे में रहकर उनका उचित समाधान किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परिजनों को न्याय मांगने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आम जनता को परेशान करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। फिलहाल, पुलिस की टीम फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य ठोस साक्ष्य जुटाने में जुटी है।








