सहकारिता की ताकत से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहीं सोनुवा की 1086 ग्रामीण महिलाएं

लाह की खेती से सब्जी उत्पादन और विपणन तक मिल रहे रोजगार के अवसर, बालसिंगी सहकारी समिति बनी महिला सशक्तिकरण की मिसाल*

चाईबासा। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहकारिता एक मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड अंतर्गत टुनिया स्थित बालसिंगी बहुउद्देशीय स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड ने सामूहिक प्रयासों से महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। इस समिति से वर्तमान में 1086 ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं, जो कृषि, लाह की खेती और सब्जी उत्पादन एवं विपणन जैसी गतिविधियों के जरिए रोजगार और आय के अवसर तलाश रही हैं।

समिति का गठन ग्रामीण महिलाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराने तथा उन्हें स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से किया गया था। अध्यक्ष रानी बंदिया और सचिव देववंती लोहार के नेतृत्व में महिलाएं संगठित होकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

 

सहकारी संस्थाओं से जुड़कर खुलीं नई राहें

 

समिति ने अपनी गतिविधियों को विस्तार देने के लिए वेजफेड, सिद्धकोफेड एवं झारखंड राज्य सहकारी विपणन संघ से जुड़ाव स्थापित किया। इन संस्थाओं के सहयोग से महिलाओं को प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और बाजार से जुड़ने के नए अवसर मिले।

 

मार्च 2025 में समिति की 40 महिला सदस्यों को लाह की खेती का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्हें पांच किलोग्राम लाह बीज और आवश्यक किट उपलब्ध कराई गई, ताकि वे स्थानीय संसाधनों के उपयोग से स्वरोजगार शुरू कर सकें।

 

 सब्जी उत्पादन और बिक्री को मिला बाजार

 

वेजफेड से जुड़ाव के बाद समिति की महिलाओं एवं ग्रामीण किसानों को सब्जी उत्पादन, संग्रहण और विपणन के क्षेत्र में नई सुविधाएं मिलीं। सोनुवा में समिति को दुकानें उपलब्ध कराई गईं, जहां स्थानीय किसानों की सब्जियों की बिक्री के लिए बाजार व्यवस्था विकसित की गई।

 

इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बाजार तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों में कमी आई है। समिति के माध्यम से सब्जियों की बिक्री से उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

सब्जियों को बाजार तक पहुंचाने के लिए वेजफेड की ओर से समिति को टोटो और चार पहिया वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। इससे परिवहन व्यवस्था आसान हुई और ग्रामीण उत्पादों को विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

 

 सामूहिक प्रयास से आत्मनिर्भरता की ओर

 

जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। बालसिंगी समिति ने संगठित प्रयास, प्रशिक्षण और बाजार से जुड़ाव के जरिए ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा किए हैं। विभाग का प्रयास अधिक से अधिक महिलाओं को सहकारिता से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

 

वहीं उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बालसिंगी सहकारी समिति की पहल सामूहिक सहभागिता और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रशिक्षण, उत्पादन, परिवहन और बाजार की सुविधाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सकता है।

 

बालसिंगी समिति की यह कहानी बताती है कि जब ग्रामीण महिलाएं एकजुट होकर सहकारिता की राह अपनाती हैं, तो सीमित संसाधनों के बावजूद आत्मनिर्भरता और आर्थिक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *