Saraikela (सरायकेला) कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में उत्कलीय संस्कृति और गौरवशाली समुद्री परंपरा का प्रतीक बोईतो बंदाणी उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूर्वजों की ऐतिहासिक समुद्री यात्राओं को याद किया गया।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान दामोदर नदी में 9 युवक बहे, एक की मौत, पांच लापता
इस अवसर पर सरायकेला स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर घाट पर श्री जगन्नाथ सेवा समिति की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्सव का मुख्य आकर्षण सात फीट लंबी पारंपरिक बोईतो (नौका) का खरकाई नदी में जलावतरण कर प्रवाहित करना रहा। नदी की लहरों पर तैरती पारंपरिक नौका ने लोगों को उत्कलीय समाज के गौरवशाली समुद्री इतिहास की याद दिलाई।

दक्षिण-पूर्व एशिया से जुड़ा है उत्सव का इतिहास
बोईतो बंदाणी उत्सव का उत्कलीय समाज में विशेष सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि प्राचीन काल में ओडिशा के साधव व्यापारी बड़े-बड़े समुद्री जहाजों के माध्यम से बाली, जावा और सुमात्रा सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के विभिन्न देशों में व्यापार करने जाते थे। इन ऐतिहासिक समुद्री यात्राओं और व्यापारिक संबंधों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदियों, तालाबों और जलाशयों में पारंपरिक नौकाएं प्रवाहित करने की परंपरा निभाई जाती है।

नई पीढ़ी को परंपरा से जोड़ने की पहल
श्री जगन्नाथ सेवा समिति की इस पहल ने सरायकेला में उत्कलीय संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों की गौरवगाथा को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बोईतो बंदाणी उत्सव के माध्यम से लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जुड़ाव प्रदर्शित किया।







