आदित्यपुर: न्यूनतम वेतन की मांग पर इफ्को कंपनी गेट पर मजदूरों का प्रदर्शन, प्रबंधन ने लगाया उत्पादन ठप करने का आरोप

मजदूरों ने सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन देने की मांग उठाई, जेएलकेएम के समर्थन में धरना; प्रबंधन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की

Adityapur (आदित्यपुर) :  आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित इफ्को मेंटल्स एंड पाउडर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गेट पर मंगलवार को न्यूनतम वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर मजदूरों ने धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से ही मजदूर कंपनी गेट के बाहर अनशन पर बैठ गए और जेएलकेएम पार्टी के समर्थन में प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Adityapur Auto Profile Unit-3 strike: ऑटो प्रोफाइल यूनिट-3 के मजदूर हड़ताल पर, जेएलकेएम के नेतृत्व में आंदोलन,उत्पादन ठप

धरना दे रहे मजदूरों का आरोप है कि कंपनी उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं कर रही है। मजदूरों ने मांग की कि उन्हें नियमानुसार न्यूनतम वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं, कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रबंधन का आरोप है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर मजदूरों ने उत्पादन कार्य बाधित कर दिया है, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

प्रबंधन के अनुसार, न्यूनतम वेतन से संबंधित मामला पहले से ही डीएलसी कार्यालय में विचाराधीन है। ऐसे में मामले की सुनवाई पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन करना उचित नहीं है। प्रबंधन ने दावा किया कि आंदोलन के कारण उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

कंपनी प्रबंधन ने इस मामले में जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, श्रम कार्यालय और संबंधित थाना में आवेदन देने की बात कही है। प्रबंधन का आरोप है कि लगातार विरोध और उत्पादन बाधित किए जाने से कंपनी की छवि प्रभावित हो रही है।

प्रबंधन ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब इस विवाद में मजदूरों की न्यूनतम वेतन संबंधी मांग और कंपनी प्रबंधन के आरोपों के बीच श्रम विभाग की भूमिका अहम मानी जा रही है।

http://Adityapur JMT Workers: आदित्यपुर औद्योगिक : जेएमटी श्रमिकों और RKCSL प्रबंधन के बीच गतिरोध पर लगा विराम ,श्रम मंत्री की पहल पर पहुंचे अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *