Chaibasa (चाईबासा) । पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में अवैध अफीम के परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.04 किलोग्राम अवैध अफीम, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, तीन स्मार्टफोन और अन्य संबंधित कागजात बरामद किए हैं।
Chaibasa: अफीम तस्करी मामले में दोषी को 15 साल की सजा, 2.30 लाख रुपये जुर्माना
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से अवैध अफीम लेकर सोनुआ बाजार की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने सोनुआ बाजार से पनसुआ जाने वाली मुख्य सड़क पर बांगिजुम मोड़ के पास वाहन जांच एवं निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से कुल 1.04 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंवर सिंह गागराई (लगभग 38 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोमिया गागराई, ग्राम उदलकम, थाना सोनुआ तथा रेला होरो उर्फ रेला कुच्छू (लगभग 20 वर्ष), पिता एतवा होरो, ग्राम रुआवली, थाना गुदड़ी के रूप में की गई है। दोनों पश्चिमी सिंहभूम जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पिछले 3-4 वर्षों से अवैध अफीम की खेती एवं खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। इस कारोबार से होने वाली कमाई से जीवनयापन करने की बात भी सामने आई है।
इस मामले में सोनुआ थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 23.11.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 25, 27बी एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अवैध अफीम के स्रोत, खरीद-बिक्री, परिवहन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले लोगों को नियमानुसार पुरस्कार देने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
http://चाईबासा में अफीम तस्करी का बड़ा खुलासा: 7 किलो अफीम, 7 लाख नकद के साथ तस्कर गिरफ्तार







