अतिक्रमण हटाओ अभियान में उजड़े दुकानदार, प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ जताया आक्रोश
आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना मोड़ के समीप बुधवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए करीब 30 से 40 दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान जिला प्रशासन और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कुछ दुकानदारों ने अंचल अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए।

Adityapur: आशियाना चौक से युवक के अपहरण और फायरिंग की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया। दुकानदार अपनी आंखों के सामने वर्षों की मेहनत से खड़ी दुकानों को उजड़ते देख भावुक हो गए। कई दुकानदारों का कहना था कि दुकानें ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थीं।

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान एक समाजसेवी महिला को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसे लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि उक्त जमीन सरकारी भूमि है और इसे खाली कराने के लिए दुकानदारों को कई दिन पहले नोटिस दिया गया था। निर्धारित समय में दुकानदारों द्वारा दुकानें नहीं हटाए जाने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाकर खाली कराई गई जमीन पर भविष्य में मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है। हालांकि, जब अधिकारियों से पूछा गया कि वर्तमान में हटाए गए दुकानदारों को प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी या नहीं, तो इस संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अब दुकानदारों की मांग है कि प्रशासन उनके पुनर्वास और रोजगार की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नीति बनाए, ताकि वर्षों से व्यापार कर रहे परिवारों को पूरी तरह बेरोजगार होने से बचाया जा सके।







