आदित्यपुर: टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित उत्कल किआ शोरूम, आदित्यपुर में शनिवार को बहुप्रतीक्षित प्रीमियम एसयूवी Kia Sorento का भव्य एवं आधिकारिक लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा (IPS) मौजूद रहे। उन्होंने सम्मानित ग्राहकों, बिजनेस एसोसिएट्स, शुभचिंतकों और उत्कल परिवार की मौजूदगी में एसयूवी का विधिवत अनावरण किया।

पहले दिन मिली शानदार प्रतिक्रिया, 6 कारों की बुकिंग
Kia Sorento के लॉन्च के साथ ही ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्कल किआ प्रबंधन के अनुसार, लॉन्च के पहले ही दिन 6 गाड़ियों की कन्फर्म बुकिंग दर्ज की गई, जबकि 10 अन्य ग्राहक पाइपलाइन में हैं। कंपनी की ओर से अगले सप्ताह से पहली डिलीवरी शुरू किए जाने की जानकारी दी गई।
Kia Sorento की एक्स-शोरूम कीमत ₹27.99 लाख से ₹40.39 लाख के बीच रखी गई है।

हाइब्रिड और डीजल पावरट्रेन के साथ आधुनिक फीचर्स
प्रीमियम एसयूवी को हाइब्रिड और डीजल पावरट्रेन विकल्पों के साथ ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) में पेश किया गया है। वाहन में सुरक्षा और आराम को ध्यान में रखते हुए ADAS Level 2+, Kia AI Assistant, 360-डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, Digital Key 2.0 और Bose Premium Sound System जैसे अत्याधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
‘सड़क पर रफ्तार नहीं, सुरक्षा जरूरी’
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने वाहन के सेफ्टी फीचर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि डीलर के अनुसार वाहन में यात्रियों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुरक्षा मानक शामिल किए गए हैं।
हालिया सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए डीआईजी ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वाहन बेहद हाई-स्पीड और अत्याधुनिक तकनीक से लैस होकर आ रहे हैं, ऐसे में चालक के लिए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर केवल मनोरंजन या रफ्तार के शौक के लिए वाहन न चलाएं, बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा का भी पूरा सम्मान करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वाहन हमेशा नियंत्रित गति में चलाएं और नशे की हालत में किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं।
Kia Sorento के लॉन्च समारोह में ग्राहकों और व्यवसायिक सहयोगियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। उत्कल किआ प्रबंधन को उम्मीद है कि नई प्रीमियम एसयूवी को कोल्हान क्षेत्र में ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी।








