Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 13 स्थित सालडीह बस्ती में तंबाकू सर्वे के बहाने घर-घर जाकर नागरिकों की निजी जानकारी जुटा रहे चार संदिग्धों को स्थानीय नागरिकों व पार्षद की टीम ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पकड़े गए संदिग्धों में एक महिला और तीन पुरुष शामिल हैं, जो मूल रूप से पटना (बिहार) के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, ये चारों व्यक्ति पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम-घूमकर तंबाकू सर्वे के नाम पर व्यक्तिगत डेटा एकत्र कर रहे थे। जब लोगों ने इनसे अधिकृत सरकारी अनुमति पत्र अथवा प्रमाणित पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संदिग्ध गतिविधियों और उनके संदेहास्पद व्यवहार को देखते हुए स्थानीय निवासी कॉसमॉस लकड़ा ने वार्ड पार्षद के व्हाट्सऐप कम्युनिटी ग्रुप पर इसकी जानकारी साझा की।
सूचना प्रसारित होते ही पार्षद की टीम निगरानी में जुट गई। इसी बीच स्थानीय युवक पिंटू कुमार (काली) ने संदिग्धों की मौजूदगी की सटीक लोकेशन पार्षद टीम को दी। मौके पर पहुंची टीम ने जब उनसे पूछताछ की और जरूरी दस्तावेज मांगे, तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। वार्ड पार्षद शांतनु घोष ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के सर्वे या सरकारी योजना के नाम पर आने वाले अज्ञात व्यक्तियों को बिना वैध पहचान पत्र सत्यापित किए अपनी निजी जानकारी बिल्कुल न दें।
http://प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री चाईबासा में जोरों पर, कालाबाजारी बढ़ी








