आदित्यपुर: कुड़मी सेना टोटोमिक के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य एवं ऐतिहासिक करमा महोत्सव का आयोजन कल 27 सितंबर, दिन रविवार को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में किया जाएगा।
शनिवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में कुड़मी सेना टोटोमिक के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने इस बाबत जानकारी दी।
केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और खेत-खलिहान से जुड़ी पुरखों की विरासत व परंपराओं को जीवंत रखना हमारा मुख्य संकल्प है। यह वीर शहीद सुनील महतो का सपना था, जिसे पूरा करने के लिए समाज पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘डहरे करम’ होगा। इसमें बहनें खरकई ब्रिज से करम डाल लेकर पारंपरिक गीतों पर थिरकते हुए मैदान में पहुंचेंगी। कार्यक्रम में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष पिंकी महतो ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और बुढ़ी नाच व पाता नाच जैसी विलुप्त हो रही लोक-परंपराओं को सहेजना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने समाज की माताओं, बहनों और युवाओं से पारंपरिक वेशभूषा में सपरिवार पहुंचकर सहभागिता दर्ज कराने का आह्वान किया।
कुड़मी सेना नेता प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि महोत्सव में प्रतिभागी झूमर दलों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार ₹25,000, द्वितीय पुरस्कार ₹18,000, तृतीय पुरस्कार ₹12,000 और चतुर्थ पुरस्कार ₹8,000 दिया जाएगा।
इस प्रेस वार्ता व तैयारी बैठक में अमित दुबे, लुलु महतो, विक्की विश्वास, छुटुन महतो, रंजीत दास, शंकर नायक, शरद महतो, रितेन महतो और उज्जवल महतो सहित अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे। मैदान में आयोजन को लेकर भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं








