आदित्यपुर: मित्रता दिवस (फ्रेंडशिप डे) के अवसर पर रविवार को लौहनगरी के आदित्यपुर में आत्मीयता और समाजसेवा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। स्वर्गीय प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आदित्यपुर स्थित भगवती इन्क्लेव के सामुदायिक भवन में 6ठे वार्षिक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
स्व. प्रवीण सिंह की स्मृति में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही युवाओं और महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संस्थान द्वारा निर्धारित 1000 यूनिट रक्त संग्रह के लक्ष्य को पूरा करने के लिए रक्तदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

फीता काटकर और दीप प्रज्वलन कर हुआ शुभारंभ
शिविर का विधिवत उद्घाटन भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता , गणेश महाली, पूर्व विधायक अरबिंद सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने स्व. प्रवीण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष सह मानगो के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने की, जबकि स्वागत संबोधन स्व. प्रवीण सिंह के भाई व पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने किया। अरविंद सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके भ्राता समाजसेवी होने के साथ-साथ ‘यारों के यार’ थे और आज पूरा शहर उनकी सोच को जीवित रखे हुए है।

अतिथियों के विचार
”स्व. प्रवीण सिंह ने समाज के प्रति अपने मानव दायित्वों को जीवनभर बखूबी निभाया। आज संतोष की बात है कि उनके पुत्र अंकुर सिंह इस सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। समाज के लिए कुछ करने का जज्बा हर व्यक्ति में होना चाहिए।”
— रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल
”रक्तदान से मिलने वाली आंतरिक ऊर्जा मनुष्य को ‘महामानव’ बनाती है। शिविर में आए सभी रक्तदाता समाज के असली महादाता हैं।”
— अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री
”आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग के साथ समाज को एक सूत्र में बांधना ही स्वर्गीय प्रवीण सिंह का मुख्य ध्येय था।”
— बन्ना गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री

शतकवीर रक्तदाताओं और कोरोना वारियर्स का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक बार रक्तदान कर चुके शतकवीर रक्तदाताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया:
* वरुण कुमार नंदी — पूर्व राज्यपाल रघुवर दास द्वारा सम्मानित।
* प्रणव कुमार — बॉबी सिंह एवं गणेश महाली द्वारा सम्मानित।
* कमल कुमार घोष — सम्मानित।
* शुभेन्दू मुखर्जी — जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी द्वारा सम्मानित।
* उत्तम कुमार गोराई — पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा सम्मानित।
इसके अलावा, चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली नर्सेस बहनों को स्वास्थ्य किट सौंपी गई। गम्हरिया सीएचसी की प्रभारी डॉ. प्रमिला कुमारी, टीएमएच के सर्जन डॉ. प्रणय मिश्रा, ईएसआई के अभिषेक मुंडू, सिद्धेश नर्सिंग होम के डॉ. अंगज सिद्धेश, डॉ. साहिर पाल व डॉ. नकुल चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
ये प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
शिविर में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने भी पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी ए.के. श्रीवास्तव, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह (बॉबी सिंह), आर.के. सिन्हा, वरिष्ठ नागरिक संघ अध्यक्ष रवींद्र नाथ चौबे, टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू), शंभू नाथ सिंह, गणेश महाली, सरदार शैलेंद्र सिंह, नट्टू झा, प्रसिद्ध सिंह, उप मेयर राहुल कश्यप, कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह, शिवशंकर सिंह, आमोद दुबे, सत्य प्रकाश सुधांशू,बिजेश सिंह, नीतू शर्मा सहित हजारों शहरवासी उपस्थित थे।








