आदित्यपुर: झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा नेता अमित सिंह बॉबी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से बाधित विकास कार्यों को अब नई गति मिलेगी।
आदित्यपुर में 77वां गणतंत्र दिवस: स्वर्णरेखा परियोजना, नगर निगम और जियाड़ा में शान से लहराया तिरंगा

हाई कोर्ट के हस्तक्षेप से जागी सरकार
अमित सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की मंशा चुनाव कराने की नहीं थी। उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि माननीय अदालत के कड़े रुख और आदेश के बाद ही सरकार की नींद खुली है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अभाव में क्षेत्र की जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर भटक रही थी, लेकिन अब उनकी आवाज को सदन में मजबूती से उठाने वाले प्रतिनिधि चुने जा सकेंगे।
विकास को मिलेगी नई रफ़्तार
पूर्व डिप्टी मेयर ने विश्वास जताया कि नए बोर्ड के गठन के बाद आदित्यपुर की मूलभूत समस्याओं, जैसे सड़क, नाली और जलापूर्ति योजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा, “लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए प्रतिनिधि ही जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। पिछले 3 साल से जो काम रुके हुए थे, वे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरे होंगे।”
मतदाताओं से भागीदारी की अपील
चुनावी बिगुल बजने के साथ ही अमित सिंह बॉबी ने क्षेत्र के मतदाताओं से इस ‘लोकतंत्र के पर्व’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक मजबूत नगर निगम के निर्माण के लिए हर नागरिक का वोट कीमती है। हालाँकि, उन्होंने कम समय में चुनाव संपन्न कराने की चुनौती का भी जिक्र किया और कहा कि इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।







