आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में 18 और 19 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय भव्य श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह एवं राधा अष्टमी महोत्सव के शुभारंभ पर आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
भारतीय कृष्ण भावामृत संघ के तत्वावधान में 18 सितंबर को निकली भव्य रथयात्रा को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। इस्कॉन संस्था के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस धार्मिक अनुष्ठान को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। रथयात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने स्वयं श्रीकृष्ण भजन गाकर श्रद्धालुओं को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया।

समारोह के मुख्य संरक्षक सह पूर्व उपमहापौर अमित कुमार सिंह (बॉबी सिंह) ने बताया कि यह पूर्णतः गैर-राजनीतिक धार्मिक अनुष्ठान है। समाज में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और प्रभु भक्ति के विस्तार के लिए सभी राजनीतिक व सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने श्रद्धालुओं से रथ खींचकर पुण्य का भागी बनने का आह्वान किया और पुलिस प्रशासन से व्यवस्था सुचारू रखने में सहयोग की अपील की।

वक्ताओं ने रखे विचार:
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “राधा-कृष्ण का प्रसंग प्रेम, सद्भाव, सहजता, सरलता और आत्मीयता का अनुपम उदाहरण है। मनुष्य को अपने कर्म पर अटूट विश्वास होना चाहिए। व्यक्ति केवल अपना कर्म करे, उसका हिसाब न रखे। कर्म का हिसाब रखने वाला ईश्वर आपके पदचिन्हों से तय करेगा। दायित्व बोध और कर्म प्रधान चरित्र ही जीवन का वास्तविक सार है।”
आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक सामाजिकता बरकरार रहती है और सनातन धर्म को और अधिक बल मिलता है।

डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा, “विदेशी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का यह संगम समाज को सकारात्मक ऊर्जा देता है। जब हम सब मिलकर ईश्वर की आराधना करते हैं, तो पूरा समाज एक परिवार का स्वरूप ले लेता है। ऐसे अनुष्ठान सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।”
कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा, “श्रीकृष्ण और राधा जन्मोत्सव के इस पावन प्रसंग में जब तक ‘अर्जुन’ शामिल न हों, तब तक उत्सव का आनंद पूरा नहीं होता।”
ये रहे उपस्थित:
इस पावन अवसर पर भाजपा नेत्री डॉ. मीरा मुंडा, मेयर संजय सरदार, भाजपा प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव, वार्ड पार्षद धनंजय गुप्ता, सोनिया सिंह, दिनेश कुमार, काली शर्मा, मनोज सिंह समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।








