आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व उपमहापौर सह भारतीय कृष्ण भावामृत संघ के मुख्य संरक्षक अमित कुमार सिंह (बॉबी सिंह) ने क्षेत्रवासियों से आगामी श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह एवं राधा अष्टमी महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया है। दो दिवसीय यह भव्य धार्मिक आयोजन 18 और 19 सितंबर को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा।
सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का संदेश
बॉबी सिंह ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ समाज में प्रभु भक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लाखों श्रद्धालु इस पावन अवसर पर एकजुट होकर प्रभु का रथ खींचें, पुण्य के भागी बनें और महाप्रसाद ग्रहण करें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रूस और जर्मनी से आने वाले विदेशी कृष्ण भक्त भी हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगे। इससे श्रद्धालुओं को वैश्विक स्तर की कृष्ण भक्ति का अनुभव मिलेगा।

18 सितंबर को निकलेगी भव्य रथयात्रा
आयोजन के पहले दिन 18 सितंबर, शुक्रवार को साल्डीह हरि मंदिर एवं मांझी टोला से भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। सुबह 8 बजे पूजन, 11 बजे भोग आरती और दोपहर 12 बजे भगवान को रथारूढ़ कराया जाएगा। दोपहर 2 बजे रथयात्रा प्रस्थान करेगी।
शाम 7 बजे एस-टाइप मैदान में रथयात्रा का समापन होगा। इसके बाद रात 8 बजे से 10:30 बजे तक श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह समारोह एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

19 सितंबर को होगा महाअभिषेक और विशाल भंडारा
19 सितंबर, शनिवार को सुबह 4:30 बजे मंगल आरती से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 7 बजे श्रृंगार आरती, 7:30 बजे गुरु पूजा और 8 बजे कीर्तन होगा। सुबह 9 बजे हरि कथा तथा 10:30 बजे महाअभिषेक का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य यजमान सुखदेव महतो, मंटू महतो, अध्यक्ष उमेश प्रमाणिक, उपाध्यक्ष जामिनी दास, कोषाध्यक्ष चंद्रवती महतो, भगतु महतो समेत संघ के तमाम पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।








