आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र स्थित जयसवाल इंटरप्राइजेज में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। कंपनी के टीन शेड की मरम्मत के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राम मुर्मू और लखींद्र हांसदा के रूप में की गई है।
Chandil Tragic accident: चांडिल में दर्दनाक हादसा : 407 वैन सहित खदान में समाए चालक की मौत
घटना का विवरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेकेदार मंटू की देखरेख में मजदूर ऊंचाई पर टीन शेड बदलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से मजदूर सीधे जमीन पर आ गिरे। घायल मजदूर रंजीत जैना ने बताया कि वह नीचे कार्य कर रहा था, तभी ऊपर से एक मजदूर उसके ऊपर गिरा, जिससे वह भी इसकी चपेट में आ गया। वर्तमान में घायल ठाकुर बेसरा और रंजीत जैना का इलाज आदित्यपुर के गंगोत्री अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

सुरक्षा पर गंभीर सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और साथी मजदूरों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों को बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या किसी लाइफ-लाइन सपोर्ट के इतनी ऊंचाई पर काम पर लगाया गया था। मजदूर दिवस के ठीक अगले दिन हुई इस लापरवाही ने औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और प्रबंधन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।







