आदित्यपुर: भगवती संघ दुर्गा पूजा समिति के पंडाल निर्माण का भूमि पूजन संपन्न, 20वें वर्ष में भव्य आयोजन की तैयारी

आदित्यपुर दुर्गा पूजा

आदित्यपुर: आदित्यपुर-2 के रायडीह स्थित रोड नंबर 31-32 में भगवती संघ श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष दुर्गा पूजा का 20वां वार्षिकोत्सव भव्य रूप से मनाने की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में रविवार, 14 सितंबर को श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।

पंडित अभिजीत चटर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन कराया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद समिति के पदाधिकारियों ने पंडाल निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत करते हुए धर्म ध्वजा फहराई। भूमि पूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता पूजा समिति के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की।

अश्व पर होगा मां दुर्गा का आगमन

समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष मां दुर्गा का आगमन अश्व (घोड़े) पर और गमन नौका पर होगा। समिति द्वारा दुर्गा पूजा के सभी धार्मिक अनुष्ठानों को निर्धारित समय पर पूरा करने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि धार्मिक पंचांग के अनुसार 10 अक्टूबर को महालया, 11 अक्टूबर को कलश स्थापना तथा 21 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। महाष्टमी और महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण भी किया जाएगा।

समिति की ओर से पूजा परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर श्रद्धालुओं से विशेष अपील की गई है। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि 20वें वार्षिकोत्सव को यादगार बनाने के लिए पूजा से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

भूमि पूजन अनुष्ठान में मुख्य यजमान दिनेश सिंह (संटू) रहे। इस अवसर पर मनमोहन सिंह, सुरेश धारी, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष राजू कराई एवं काजल राहा, मुख्य कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, चंद्रशेखर तिवारी, अजीत सिंह, बबलू सिंह, अमित ठाकुर, उमाशंकर तिवारी, महेंद्र प्रसाद और पीयूष कुमार सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। समिति द्वारा इस वर्ष 20वें वार्षिकोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *