आदित्यपुर : आदित्यपुर के नोवांता में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के शानदार सफर और गरीब कल्याण की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति को भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद से मुक्त कर ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ में तब्दील कर दिया है.डॉ. गोस्वामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। सरकार की योजनाओं की बदौलत देश में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि गरीबों को पक्के आवास, शौचालय, हर घर नल से जल, मुफ्त राशन और गैस कनेक्शन देकर उनके जीवन स्तर को सम्मानजनक बनाया गया है। इसके साथ ही धारा 370 को समाप्त करने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने जैसे दशकों पुराने ऐतिहासिक संकल्पों को पूरा किया गया।
उन्होंने बताया कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर 17 अक्टूबर तक 14 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान का मूल उद्देश्य ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ और ‘सेवा से संस्कार’ को धरातल पर उतारना है। 17 सितंबर को सभी घरों के चौखट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में बच्चों के लिए चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, आंगनबाड़ियों में ‘आंगन मिलन’ के जरिए पोषण व महिला कल्याण जागरूकता तथा मोहल्लों से लेकर जिला स्तर तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, मेयर संजय सरदार, राकेश मिश्रा, ललन शुक्ला, सतीश शर्मा और गुरजीत सिंह, सतीश शर्मा, सरोज कुमार उपस्थित थे।








