चाईबासा: झारखंड पुलिस, कोबरा, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और झारखंड जगुआर के संयुक्त अभियान के तहत नक्सली संगठनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दिशा में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा पुलिस ने सीआरपीएफ 26 बटालियन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
छोटानागरा में नक्सलियों का हमला: बहदा गांव में एयरटेल टावर को जलाया, ग्रामीणों में दहशत
जानकारी के अनुसार, नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, आसन, असिम मंडल, अजय महतो, सागर आंगरिया, अरविंद एवं अन्य साथियों के नेतृत्व में कोल्हान/सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चाईबासा पुलिस ने कार्रवाई की।

दिनांक 09 अक्टूबर 2025 की रात्रि में छोटानागपुर थाना क्षेत्र के रतामाटी इलाके में पुलिस ने आईईडी (IED) लगाने के प्रयास में शामिल दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान इस प्रकार है —
- अलबर्ट लोमगा उर्फ़ रेगो लोमगा (19 वर्ष), पिता जोसेफ लोमगा, निवासी ग्राम सिंकुल, थाना बंदगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
- विकास लोमगा उर्फ़ पापा लोमगा (20 वर्ष), पिता सतराम लोमगा, निवासी ग्राम सिंकुल, थाना बंदगांव, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
दोनों नक्सली संगठन में सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहे थे और क्षेत्र में आईईडी लगाकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना में शामिल थे।
बरामदगी:
पुलिस ने उनके पास से 22 पीस बुलेट, 200 मीटर विद्युत तार और अन्य नक्सली सामग्रियां बरामद की हैं।
अभियान में शामिल बल:
इस अभियान में चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ 26 बटालियन के जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राज्य में नक्सल विरोधी गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नक्सल संगठनों से दूरी बनाकर मुख्यधारा से जुड़ें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।झारखंड पुलिस की यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।
http://चाईबासा : नक्सलियों ने एयरटेल मोबाइल टावर को लगाई आग, इलाके में दहशत का माहौल