चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में दूसरी शादी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तोड़ागहात, कीड़ासाई टोला में एक महिला का शव घर में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
चाईबासा में सनसनी: शराब के नशे में चाचा ने बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मृतका की पहचान शुरु कुई (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका का पति कानुराम दिग्गी करीब एक सप्ताह पहले अपनी दूसरी पत्नी सुर्गेमनी तामसोय को घर लेकर आया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
पुलिस जांच में पता चला कि 12 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे दूसरी पत्नी को घर में प्रवेश करने से रोकने को लेकर दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने पहली पत्नी के चेहरे पर तकिया रखकर उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई वाती अरविंद मुंडा की लिखित शिकायत के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कानुराम दिग्गी (लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।








