चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बड़ा तोरलो गांव के मारिसाई टोला में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान 33 वर्षीय ननिका बिरूवा और उनकी 10 वर्षीय बेटी शर्मिला बिरूवा के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे में घर पहुंचा, फिर किया खूनी हमला
जानकारी के अनुसार, आरोपी रमाय बिरूवा रोजाना शराब के नशे में घर लौटकर परिजनों से विवाद और गाली-गलौज करता था। शनिवार दोपहर भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपनी बहू ननिका बिरूवा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बहू पर हमला करने के बाद आरोपी ने 10 वर्षीय मासूम शर्मिला बिरूवा पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
खेत से लौटे पति ने देखा खौफनाक मंजर
घटना के समय मृतका के पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो पत्नी और बेटी को खून से लथपथ पड़ा पाया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया तथा हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में शोक और आक्रोश
एक ही परिवार की दो महिलाओं की निर्मम हत्या से बड़ा तोरलो गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब की लत ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।








