आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 16 स्थित दास पाड़ा के एक राधा-कृष्ण मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। चोरों ने मंदिर का ताला खोलकर भगवान राधा-कृष्ण की अष्टधातु की कीमती मूर्तियां और पूजा के बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया।
बड़ाजामदा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, 6 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद

स्थानीय निवासी ललित दास ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रोज की तरह सुबह जब मंदिर का मुख्य दरवाजा खोला गया, तब सब कुछ ठीक था। लेकिन जब पंडित जी सुबह की नियमित पूजा-अर्चना के लिए गर्भगृह के भीतर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य स्थान से भगवान की मूर्तियां गायब थीं। चोरी गई मूर्तियां अष्टधातु से निर्मित थीं, जिनकी ऊंचाई लगभग 10 इंच थी। चोरों ने मूर्तियों के साथ-साथ मंदिर में रखे पूजा के बर्तन, थाली, लोटा और घंटा भी समेट लिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का सत्यापन किया है। स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








