Champai Soren in Santhal Paragana:चंपाई अब संभालेंगे संथाल की कमान, अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज श्री मंडल मुर्मू से मिले

Desk: पहले चरण के चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सरायकेला विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में अब संथाल की बागडोर अपने हाथों में थामेंगे.

सिदो-कान्हू के वंशज श्री मंडल मुर्मू से मिलते चंपई सोरेन

गुरुवार को चंपाई सोरेन अमर शहीद सिदो-कान्हू के वंशज श्री मंडल मुर्मू से मुलाकात की जहाँ श्री मंडल मुर्मू ने भोगनाडीह समेत पूरे संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ के बारे में विस्तार से जानकारी दिया।इस दौरान चंपाई सोरेन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस संथाल परगना के लिए हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों को झुका दिया, उस माटी पर आज घुसपैठिये कब्जा कर रहे हैं, हमारी बहन-बेटियों की अस्मत खतरे में है, सामाजिक ताना-बाना बिखर रहा है, लेकिन सरकार बेपरवाह है।इस से शर्मनाक क्या हो सकता है कि वीर भूमि भोगनाडीह में आज आदिवासियों की संख्या पाँच सौ से कम है, जबकि घुसपैठिए कई गुना हो गये। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

इस क्षेत्र में संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम लागू होने की वजह से ये लोग जमीन तो खरीद नहीं सकते, फिर ये लाखों लोग यहाँ कैसे और किसके संरक्षण में बस गये? उन्हें पहचानने, उनके कागजातों को जाँचने तथा जमीनों पर से अवैध कब्जा हटाने की जगह उन्हें सस्ते गैस सिलेंडर देने की बात करने वाले कौन लोग हैं। चंपाई ने कहा कि उन्हें पहचानिए। तभी संथाल परगना में आदिवासियों का अस्तित्व बच पायेगा। अन्यथा पाकुड़, राजमहल आदि की तरह अन्य स्थानों पर भी हम आदिवासी अल्पसंख्यक होते चले जाएँगे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!