चाईबासा। बड़ाजामदा में पार्किंग और अन्य विवाद को लेकर शनिवार को दो गुटों के बीच अचानक मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मारपीट की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टाल मालिक सह दीपु लॉज संचालक दीपु सिंह सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि बड़ाजामदा निवासी दीपू सिंह के दीपु लॉज में मझगांव प्रखंड के खड़पोस गांव के कुछ लोग किराये पर रह रहे हैं। लॉज के सामने स्थित एक ईंट फैक्ट्री की जमीन पर किरायेदारों द्वारा वाहन पार्क किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बात को लेकर ईंट फैक्ट्री मालिक, लॉज संचालक और किरायेदारों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद केवल पार्किंग तक सीमित नहीं था। उनका कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से दोनों पक्षों के बीच किसी अन्य मामले को लेकर भी विवाद चल रहा था। शनिवार को कथित तौर पर लॉज में रहने वाले कुछ लोगों के बाहर से आने के बाद मामला और बढ़ गया।
लॉज में रहने वाले लोगों को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों से शहबाज अंसारी नामक व्यक्ति से जुड़े करीब 10-12 लोग दीपू लॉज में रह रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इन लोगों की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। हालांकि, इन लोगों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि शनिवार की मारपीट में इन्हीं लोगों की भूमिका हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

अचानक भिड़े दोनों पक्ष
बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हुआ। दोनों घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्थिति सामान्य
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
लॉज सील करने की तैयारी
घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में दीपु लॉज को सील किए जाने की कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल पुलिस इलाके में सतर्कता बरत रही है। घटना के वास्तविक कारणों और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।







