जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। 18 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे जारी फ्लड सेल, जमशेदपुर की रिपोर्ट के अनुसार दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मानगो ब्रिज साइट पर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 122.96 मीटर दर्ज किया गया। इस स्थान पर खतरे का निशान 121.50 मीटर है। इस तरह स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.46 मीटर ऊपर पहुंच गया है।
मनोहरपुर में बारिश का कहर: रायकेरा में तीन कच्चे मकान ढहे, बेघर हुए परिवार
खरकई नदी का जलस्तर 5.37 मीटर ऊपर
आदित्यपुर ब्रिज साइट पर खरकई नदी का जलस्तर 134.37 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर निर्धारित है। यानी खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 5.37 मीटर अधिक है। फ्लड सेल की रिपोर्ट में खरकई के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी का रुझान दर्ज किया गया है।
निचले इलाकों में रहने वालों को सावधानी की सलाह
नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को नदी, जलभराव वाले स्थानों और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी है। नदी किनारे रहने वाले परिवारों से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा स्थिति बिगड़ने पर तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में निर्धारित आश्रय स्थलों का सहारा लेने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने को कहा है। नागरिकों से केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।
नगर निकायों को अलर्ट रहने के निर्देश
बढ़ते नदी जलस्तर के मद्देनजर संबंधित नगर निकायों को अलर्ट मोड में रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
फ्लड सेल की ओर से दोनों नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की स्थिति में समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
http://चाईबासा में भारी बारिश से जलजमाव, चार लोग मलबे में दबे; प्रशासन ने संभाला मोर्चा








