Chaibasa (चाईबासा) : कोल्हान के सेरेंगसिया विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो की स्मृति को सम्मान देने की दिशा में चाईबासा में पहल शुरू हो गई है। विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग उठाई है। इसे लेकर संगठनों के प्रतिनिधियों ने रविवार को जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
चाईबासा सर्किट हाउस सड़क चौक अब शहीद पोटो हो के नाम से जाना जाएगा, लगाया जाएगा प्रतिमा

आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी हो समाज महासभा, मानकी-मुंडा संघ और आदिवासी उरांव समाज संघ सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी सहित जिले के विधायकों और राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने समाहरणालय परिसर में प्रतिमा स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराने और सहयोग की मांग की।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया था। ऐसे महान योद्धा की आदमकद प्रतिमा जिला मुख्यालय में स्थापित होना पूरे कोल्हान के लिए गौरव का विषय होगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना महज एक स्मारक बनाने का विषय नहीं है, बल्कि कोल्हान के इतिहास, वीर योद्धाओं के संघर्ष और उनके बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की पहल है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस दिशा में सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई।
प्रतिमा स्थापना में सहयोग का आश्वासन
कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने प्रतिनिधिमंडल की मांग का स्वागत करते हुए प्रतिमा स्थापना में यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कोल्हान की माटी के सपूत वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की पहल सराहनीय है। इस कार्य में जो भी उचित और संभव सहयोग होगा, उसे लेकर वह स्वयं तथा जिले के सांसद और विधायक मिलकर प्रयास करेंगे।
सांसद और विधायकों को सौंपा ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने सिंहभूम सांसद जोबा मांझी के अलावा चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू और मनोहरपुर विधायक जगत मांझी को ज्ञापन सौंपा।
इसके साथ ही झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों तथा उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी और सदर अंचल अधिकारी समेत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी ज्ञापन देकर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शुरू कराने का आग्रह किया गया।
ये लोग रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, केंद्रीय संयुक्त सचिव रवि बिरुली, आदिवासी हो समाज महासभा के कोषाध्यक्ष चैतन्य कुंकल, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन के अध्यक्ष रमय पूर्ति, सचिव चंद्र मोहन बिरूवा, बोंज देवगम, रामेश्वर सवैया, रामसिंह होनहागा, मानकी-मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, महासचिव चंदन होनहागा, आदिवासी उरांव समाज संघ के उपसचिव लालू कुजूर, पंकज खलखो, विष्णु मिंज, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, ओयवन हेंब्रम और सुरेंद्र पूर्ति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।








