सरायकेला-खरसावां के कपाली क्षेत्र में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के तहत चोरी की मोटरसाइकिल समेत एक युवक को धर दबोचा। अदालत में पेशी के बाद 20 वर्षीय आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि बरामद वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सरायकेला पुलिस की कार्रवाई: बाइक चोरी मामले में 2 गिरफ्तार, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद पूर्व में 5 बाइक बरामद कर 4 को भेजा गया था जेल
गश्ती के दौरान खुला राज
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, इलाके में असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए निरंतर गश्त की जा रही है। इसी दौरान बंधुगोड़ा के बढ़ गाछ चौक पर जवानों ने एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक को देखा, जिस पर आगे-पीछे कोई नंबर प्लेट मौजूद नहीं थी।
बहानेबाजी से गहराया शक
संदेह के आधार पर रोके जाने पर बाइक चालक युवक कागजात दिखाने के बजाय गोलमोल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछने पर उसने दावा किया कि यह बाइक उसने किसी परिचित से महज 5,500 रुपये में खरीदी है। इतने कम दाम में वाहन मिलने की बात सुनकर पुलिस का शक पक्का हो गया।
बिष्टुपुर से चोरी हुई थी गाड़ी
गहन तफ्तीश में सामने आया कि बरामद बाइक कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से उड़ाई गई थी, जिसका असली मालिक कमारगोड़ा का निवासी है। पुष्टि होते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
* आरोपी की पहचान: अरशद अंसारी (20 वर्ष), पिता राजू अंसारी, निवासी मदरसा के पास, इस्लामनगर पहला मोड़, कपाली।
पूछताछ की औपचारिकता पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
http://चाईबासा में राणी सती मंदिर की दान पेटी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात








