सरायकेला : काण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 अगस्त को हुए अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो युवकों के शव बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

जमीन खोदकर निकाले गए दोनों शव
वादी रवि हांसदा (निवासी पिण्ड्राबेड़ा) की शिकायत पर 20 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के बाद सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पिण्ड्राबेड़ा निवासी फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22 वर्ष) और रविन्द्र मार्डी (25 वर्ष) को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर दबाए गए राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए गए। शवों को कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी गम्हरिया की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए बाहर निकाला गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राथमिकी के अनुसार, 13 अगस्त की शाम धतकीडीह स्कूल के समीप से आरोपियों ने राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा का मारपीट कर गाड़ी से अपहरण कर लिया था। आरोपी उन्हें सरनामूल गम्हरिया ले गए और जानलेवा हमला किया। बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, जबकि राहुल और तपन का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
मामले के उद्भेदन और गिरफ्तारी में सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व वाली विशेष टीम की अहम भूमिका रही। इस टीम में:
* काण्ड्रा थाना प्रभारी: पु०नि० बिनोद कुमार मुर्मू
* गम्हरिया थाना प्रभारी: पु०नि० संजय प्रसाद
* पुलिस पदाधिकारी: पु०अ०नि० नरसिंह मुण्डा, पु०अ०नि० आकाश दीप, स०अ०नि० संजय कुमार (सभी काण्ड्रा थाना)
* सशस्त्र बल: हवलदार बालभद्र बोयपाई, आरक्षी करमा उरांव (229), आरक्षी अवधेश कुमार (593) एवं आरक्षी लाल कमल महतो (142) शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।







