Jamshedpur: कदमा रामनगर स्थित विद्यापति टावर में इस वर्ष दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर एक भव्य और आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया, जिसका उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी एवं उनके साथ मौजूद वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पूर्वी सिंहभूम के पूर्व जिला अध्यक्ष और समाजसेवी रविंद्र झा उर्फ नट्टू झा ने संयुक्त रूप से किया।इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और राजनैतिक हस्तियां उपस्थित रहीं।

पूजा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे रविंद्र झा उर्फ नट्टू झा
ने शिवानंद तिवारी का स्वागत करते हुए उन्हें पंडाल का अवलोकन कराया और पूजा-अर्चना में भाग लिया। पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक महत्वपूर्ण अंग है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में भाईचारा, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनःस्थापना होती है।
पंडाल की सजावट, थीम और भक्ति संगीत ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल की थीम पारंपरिक भारतीय संस्कृति से प्रेरित थी, जिसमें मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और रौशनी की सजावट लोगों को आकर्षित कर रही थी। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा समिति ने उत्कृष्ट व्यवस्था की थी।