Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में मंगलवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

जमशेदपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प, जमकर पथराव; दर्जनभर से अधिक घायल
वेज रोल के ऑर्डर को लेकर फास्ट फूड संचालक और युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर चाकूबाजी हुई। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना देर रात लगभग 1:00 बजे की है। मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में विद्युत सज्जा (लाइटिंग) का कार्य करने आया हुआ था। काम के दौरान भूख लगने पर वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट के सामने फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल लेने पहुंचा। वहां ऑर्डर को लेकर दुकानदार, उसके कर्मियों और युवकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
विवाद बढ़ता देख शेखर और गोलू ने फोन कर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को मौके पर बुला लिया। सूचना पाकर समिति सदस्य सन्नी वहां पहुंचा, जिस पर फास्ट फूड संचालक और उसके कर्मियों ने हमला कर चाकू घोंप दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। इस हमले में चारों लहूलुहान हो गए, जिनमें से एक युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के वक्त क्षेत्र में दुर्गा पूजा की विधि-व्यवस्था को लेकर गश्त कर रहे सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान संचालक सहित तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। एसडीपीओ ने बताया कि मामूली विवाद के बाद मारपीट और चाकूबाजी हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।








