Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम आदित्यपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।थाना क्षेत्र के चिह्नित नशाखोरी और अड्डेबाजी वाले इलाकों में अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से असामाजिक तत्वों, जुआरियों और शराबियों में हड़कंप मच गया।

Saraikela Crime Meeting: सरायकेला एसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक, संगठित अपराधियों पर पैनी नजर रखने और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का सख्त निर्देश
थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने विशेष रूप से बाइक गश्ती दल के साथ सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बागान पड़ाव गम्हरिया, कमरपाड़ा, स्टेशन रोड, लाल बिल्डिंग, राम मढ़ैया बस्ती, जयप्रकाश उद्यान, प्रभात पार्क, सलडीह बस्ती, शर्मा बस्ती, मांझी टोला और हरि ओम नगर में विशेष गश्त लगाई।
इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने क्षेत्र के सार्वजनिक मैदानों, पार्कों, चौक-चौराहों और उन गुप्त स्थानों पर दबिश दी, जहाँ शाम ढलते ही असामाजिक तत्व और नशेड़ी जुटते हैं। अभियान के दौरान मैदानों और चौराहों पर बेवजह जमावड़ा लगाकर बैठे दर्जनों असामाजिक तत्वों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा।

पुलिस ने सभी को सख्त हिदायत और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, जुआ या अड्डेबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में वे दोबारा ऐसे स्थानों पर बेवजह घूमते या माहौल खराब करते पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







