चाईबासा: चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर लोहरदा के समीप युवती से दुष्कर्म के मामले में मुफस्सिल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अविनाश कुदादा को अंकोलकुटी गांव से पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार भी जब्त कर ली गई है।
20 अगस्त की रात सड़क किनारे मिली थी युवती
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त की देर रात चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर लोहरदा गांव के पास स्थानीय लोगों ने एक युवती को नग्न अवस्था में देखा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर मामले की जांच शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान आगे बढ़ाया।
चाईबासा में युवती को कार से ले जाने और दुष्कर्म का आरोप, NH-75 किनारे मिली महिला
CCTV और मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ताम्बो चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन भी जांची गई। जांच में पुलिस को आरोपी की कार और मोबाइल फोन की लोकेशन घटना के समय घटनास्थल के आसपास मिली।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अविनाश कुदादा के रूप में की और उसे अंकोलकुटी गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई वारदात की पूरी कहानी
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे उसे ताम्बो चौक के पास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती दिखाई दी।
आरोप है कि वह युवती को बहला-फुसलाकर अपनी ऑल्टो कार में बैठाकर खूंटपानी से आगे लोहरदा गांव के एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसकी पत्नी के लगातार फोन आने लगे। इसके बाद आरोपी युवती को कथित तौर पर वहीं छोड़कर कार से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।







