चाईबासा: परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए सड़क सुरक्षा दूतों के माध्यम से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में ग्राम सभा के जरिए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
सड़क सुरक्षा दूतों ने स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी तथा सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा दूतों की भूमिका और उनके कार्यों से अवगत कराया गया, जिससे प्रेरित होकर आयता गांव से पांच नए सड़क सुरक्षा दूत जुड़े। इन सभी ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने, दुर्घटना पीड़ितों की हर संभव मदद करने तथा पीड़ित परिवारों के प्रति मानवीय संवेदना बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को हर स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की सहभागिता से ही सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाया जा सकता है।












