Saraikela: सरायकेला: खेल-खेल में गले में फंसी प्लास्टिक की रस्सी, दर्दनाक हादसे में मासूम की मौत

सरायकेला के धर्मशाला रोड पर दर्दनाक हादसा

सरायकेला। जिला मुख्यालय अंतर्गत धर्मशाला रोड पर शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर के पीछे खेलते समय एक मासूम के गले में प्लास्टिक की रस्सी फंस गई, जिससे दम घुटने के कारण उसकी असामयिक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

​मृतक की पहचान धर्मशाला रोड निवासी तप सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू के रूप में की गई है।

​प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे गोलू अपने घर के पीछे खेल रहा था। खेलने के दौरान उसने प्लास्टिक की एक रस्सी अपने गले में डाल ली। इसी बीच रस्सी का दूसरा सिरा पास में स्थित झाड़ियों में बुरी तरह उलझ गया। रस्सी में खिंचाव आने और गले पर दबाव बनने के कारण मासूम गंभीर रूप से अचेत हो गया।

​काफी देर तक बच्चे की हलचल न दिखने पर परिजनों की नजर उस पर पड़ी। अनहोनी की आशंका होते ही परिजन आनन-फानन में उसे छुड़ाकर तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने जांच के उपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अत्यधिक दम घुटने के कारण उसकी सांसें थम चुकी थीं।

​होनहार बच्चे की अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस अप्रत्याशित हादसे से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *