Saraikela Murder Case: सरायकेला: अवैध संबंध में पति की हत्या का मामला; फरार आरोपी गिरफ्तार, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश

सरायकेला मर्डर न्यूज़

सरायकेला: सरायकेला पुलिस ने वर्ष 2023 के बहुचर्चित सहदेव महतो हत्याकांड में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। अवैध संबंधों के चलते रची गई इस सुनियोजित हत्या की साजिश में फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त अशोक लायक उर्फ अशोक नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

​अवैध संबंध और हत्याकांड का पूरा मामला:

21 जून 2023 को सरायकेला थाना क्षेत्र में सहदेव महतो की निर्मम हत्या कर दी गई थी (कांड संख्या 75/2023)। पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि यह हत्याकांड मृतक की पत्नी सुलेखा महतो और उसके कथित प्रेमी जयसन कुंभकार के बीच अवैध संबंधों का नतीजा था। सुलेखा ने अपने प्रेमी और उसके साथी मेघनाथ के साथ मिलकर सहदेव को रास्ते से हटाने की पूरी साजिश रची थी।

​न्यायिक स्थिति और गिरफ्तारी:

इस मामले में पुलिस ने पूर्व में ही पत्नी सुलेखा, प्रेमी जयसन और मेघनाथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिला व्यवहार न्यायालय द्वारा जमानत याचिका खारिज होने के बाद, ये तीनों वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त जमानत पर बाहर हैं। इसी मामले में छानबीन के दौरान चांडिल निवासी अशोक लायक की संलिप्तता सामने आई थी, जो घटना के बाद से ही फरार था।

​पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अशोक को धर दबोचा। उस पर IPC की धारा 302/201/120B/34 और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराएं दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने साफ कर दिया है कि हत्याकांड से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *