Saraikela: नौकरी बिकने नहीं देंगे, भ्रष्ट तंत्र को उखाड़ फेंकेंगे’: सरायकेला में गरजे देवेंद्रनाथ महतो, जान से मारने की धमकी मिलने का भी दावा

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा

सरायकेला: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो की अगुवाई में जारी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ अपने 11वें दिन गुरुवार को कोल्हान प्रमंडल पहुंची। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले में जगह-जगह आयोजित सभाओं व संवाद कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक व अभिभावक शामिल हुए।

​शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ संवाद

यात्रा की शुरुआत जमशेदपुर के बड़ाम में शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार पर छात्र विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की मांग उठाई। देर शाम यात्रा सरायकेला पहुंची, जहां सिद्धू-कान्हू पार्क में युवाओं से चर्चा के बाद बिरसा चौक पर राष्ट्रगान के साथ 11वें दिन का समापन हुआ। शुक्रवार को यह यात्रा पश्चिमी सिंहभूम पहुंचेगी।

​’पारदर्शिता की गारंटी दे सरकार, नहीं रुकेगा उलगुलान’

मीडिया से बातचीत करते हुए देवेंद्रनाथ महतो ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा, “हमें गारंटी चाहिए कि आने वाले दिनों में कोई पेपर लीक नहीं होगा। जो भी भ्रष्ट अधिकारी या तंत्र में शामिल लोग हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। झारखंड में युवाओं की मेहनत, हुनर और संघर्ष के दम पर नौकरी मिलनी चाहिए, पैसों के बल पर नहीं।”

​उन्होंने पूर्व के आंदोलनों का हवाला देते हुए कहा कि छात्रों के संघर्ष के कारण ही कई परीक्षाएं रद्द हुईं और जांच के घेरे में आईं, जिससे साबित होता है कि परीक्षाओं में धांधली हो रही थी।

​मुकदमों और जान से मारने की धमकी का आरोप

देवेंद्रनाथ ने दावा किया कि आंदोलन को दबाने के लिए छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा, “मुझे धमकियां दी जा रही हैं कि करोड़ों में नौकरियां बिक रही हैं तो मुझे भी रास्ते से हटाया जा सकता है। भूख हड़ताल के दौरान मेरी तबीयत बिगड़ी, दिल का दौरा पड़ने जैसी स्थिति बनी, लेकिन युवाओं के सपनों की सौदेबाजी से बड़ा दर्द कोई नहीं है। यदि मेरी जान भी चली जाए, तो भी यह उलगुलान रुकना नहीं चाहिए।”

मांगें नहीं मानीं तो करेंगे झारखंड बंद और आर्थिक नाकेबंदी’: देवेंद्रनाथ महतो की सरकार को खुली चेतावनी

​छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने नियुक्ति प्रक्रियाओं में सुधार को लेकर सरकार को कड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि 24 जिलों की ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ पूरी होने के बाद यदि सरकार ने छात्रों की मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा

​देवेंद्रनाथ ने ऐलान करते हुए कहा, “हम पूरे राज्य में चक्का जाम करेंगे, संपूर्ण झारखंड बंद का आह्वान करेंगे और आर्थिक नाकेबंदी करेंगे। इसके बावजूद यदि सरकार नहीं सुनती है, तो छात्र इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।”

​उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी निजी स्वार्थ का नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के हक का उलगुलान है। बिरसा मुंडा, शहीद निर्मल महतो, बिनोद बिहारी महतो और सिद्धू-कान्हू जैसे झारखंडी पुरखों और शहीदों से संघर्ष की प्रेरणा मिली है। छात्रों ने डरना और झुकना नहीं सीखा है; वे अपने अधिकारों और पारदर्शिता की लड़ाई में कोई भी समझौता नहीं करेंगे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *