रोजगार के लिए युवकों के लिए कौशल विकास जरूरी – बड़कुंवर गागराई

Chaibasa:- श्रम एवं रोजगार मंत्रालय,भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड,क्षेत्रीय निदेशालय -जमशेदपुर के तत्वावधान में ताँतनगर प्रखण्ड के खेड़ियाटाँगर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण में शिक्षित बेरोजगार युवाओं का “1-दिवसीय एस टी टी पी कार्यक्रम” का आयोजन सोमवार को किया गया.

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री तथा भाजपा नेता बड़कुंवर गागराई ने मुख्य अतिथि के रूप में किया. उन्होंने अपने सम्बोधन में समाज में व्याप्त बेरोजगारी पर प्रकाश डालते हुए कहा यह एक सामाजिक बुराई है. इस ज्वलंत समस्या से देश के अर्थव्यवस्था में नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. केन्द्र सरकार के द्वारा इस समस्या का उन्मूलन हेतु प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री के द्वारा जुलाई,2015 को किया गया है. जिसके तहत शिक्षित बेरोजगार युवक अपने हुनर को विकसित कर जिलों में लगने वाले रोजगार मेला में नौकरी हेतु सम्मिलित हो सकते हैं. इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत केन्द्र सरकार 1 करोड़ युवकों को प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है. आगे उन्होंने हाल ही में भारत सरकार के जनजातीय विकास मंत्रालय के पहल एवं टाटा स्टील के सौजन्य से कोल्हान प्रमण्डल के करीब 2 हजार इंटर पास छात्राओं का चयन कर तमिलनाडु भेजने का पहल को अत्यंत सराहनीय कदम बताया.

इस अवसर पर बोर्ड के वरिष्ठ शिक्षा पदाधिकारी राज किशोर गोप ने अपने सम्बोधन में कहा कि बोर्ड शिक्षित बेरोजगार युवाओं के मध्य कौशल सृजन के मुद्दे पर गंभीर है. आने वाले दिनों में नेशनल स्किल डेवलपमेंट कारपोरेशन के सौजन्य से ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को चिन्हित कर उन्हें प्रशिक्षण देने हेतु बोर्ड ने एक एम ओ यू हस्ताक्षर किया है. प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें रोजगार से जोड़ने का प्रावधान किया गया है. ताकि बेरोजगारी जैसी ज्वलंत समस्याओं का निराकरण किया जा सके. राज किशोर गोप ने श्रमिक शिक्षा एवं श्रम जगत के कल्याण में गहरी रुचि एवं सहयोग प्रदान करने के लिए बड़कुंवर गागराई के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन बोर्ड के कार्यक्रम समन्वयक पीताम्बर राउत ने किया. इस कार्यक्रम में कई गाँव के 100 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम में केन्द्र तथा राज्य सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से सम्बंधित पम्पलेट्स भी प्रदान किए गए. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण सोय, युवा नेता दुर्गा चरण नाग, बासुदेव महाराणा, मनोहर बारी, सुभाष गोप, परमानन्द भंज आदि का सराहनीय योगदान रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *