जिला क्रिकेट संघ की बैठक में आयोजन को मिली मंजूरी, खिलाड़ियों की नीलामी का होगा लाइव प्रसारण
Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ (WSDCA) ने जिले में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग आयोजित करने का फैसला किया है। सितंबर के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित इस प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

राँची बनाम पश्चिमी सिंहभूम महिला क्रिकेट: राँची की 76 रन से शानदार जीत, फाइनल की ओर मजबूत कदम
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एस.आर. रुंगटा पैवेलियन में संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी संस्था स्टेक स्पोर्ट्स जी के प्रतिनिधियों ने टी-20 लीग के आयोजन को लेकर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया। संघ जल्द ही इस संस्था के साथ औपचारिक समझौता करेगा।

संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाली इस लीग में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेलेंगी। लीग चरण के 15 मैचों के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इसके बाद फाइनल मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।

उन्होंने बताया कि लीग में केवल पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। हालांकि प्रतियोगिता को अधिक प्रतिस्पर्धी और आकर्षक बनाने के लिए झारखंड के कुछ नामी खिलाड़ियों को आइकॉन खिलाड़ी के रूप में शामिल किया जाएगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।
महासचिव ने कहा कि छह फ्रेंचाइजी तय होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) कराई जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी के साथ समझौता होने के बाद प्रतियोगिता का विस्तृत कार्यक्रम, टीमों और अन्य व्यवस्थाओं की घोषणा की जाएगी।
http://पश्चिमी सिंहभूम महिला क्रिकेट मैच: रोमांचक मुकाबले में रामगढ़ पर 2 रन से जीत








