आदित्यपुर के शिव इन ऑर्गेनिक कंपनी में पकड़ाए चोर ने की आत्महत्या, कंपनी कर्मचारियों ने बनाया था बंधक

Saraikela:  जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव इन ऑर्गेनिक कंपनी के गोदाम में पकड़ाए एक चोर ने कंपनी के गोदाम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. चोर को कंपनी के कर्मचारियों ने रंगे हाथों पकड़ा था जिसे मारपीट कर बंधक बनाकर कंपनी गोदाम में बंद कर दिया गया था.
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते शनिवार रात कंपनी के कर्मचारियों ने परिसर में चोरी करते चोर को पकड़ा था. बाद में उसे गोदाम में बंद कर दिया जहां चोर ने गोदाम में रखे तार के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना पाकर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम का दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस के शव गृह में रखवा दिया गया है. इस मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार के बयान पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है. जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजन ने बताया कि रात 8 बजे सूचना मिली कि कंपनी के गोदाम में एक चोर ने फांसी लगा ली है. पुलिस घटना स्थल पहुंची और जांच में जुट गई. जांच के क्रम में पाया गया कि गोदाम का दरवाजा अंदर से बंद है. दरवाजा तोड़ने पर अंदर एक युवक का शव फंदे से लटका पाया गया. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक चोरी करने के उद्देश्य से कंपनी परिसर में घुसा था जहां कर्मचारियों ने उसे पकड़कर उसकी पिटाई की और गोदाम में बंद कर दिया. गोदाम के अंदर उसने आत्महत्या कर ली. फिलहाल मृतक की पहचान नही हो पाई है.

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *