आदित्यपुर: कुड़मी सेना टोटोमिक के तत्वावधान में आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित भव्य एवं ऐतिहासिक करमा महोत्सव पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
मैदान के केंद्र में पारंपरिक विधि-विधान से ‘करम डाल’ स्थापित की गई। इसके उपरांत मांदर, नगाड़े और ढाक की गूंज के बीच हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने करम राजा की विधिवत आराधना की। महोत्सव में ओडिशा और पश्चिम बंगाल से पहुंचे लोक कलाकारों ने पारंपरिक झूमर गीतों और मनमोहक नृत्य से देर शाम तक समा बांधे रखा।
समारोह में मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, दुखनी सोरेन और वार्ड पार्षद राजरानी महतो सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुड़मी सेना टोटोमिक के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार रक्षाबंधन पर बहनें भाई की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं, ठीक उसी तरह हमारी बहनें करम डाल की पूजा कर भाइयों की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि गांव-खलिहान से लेकर शहर के मैदानों तक इस विरासत को स्थापित करना वीर शहीद सुनील महतो का सपना था। लालटू महतो ने युवाओं से आह्वान किया कि नई पीढ़ी आधुनिकता के दौर में भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पुरखों के बलिदान को न भूले। साथ ही उन्होंने कुड़मी समाज के संवैधानिक अधिकारों और एकजुटता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं व युवतियों ने डहरे करम और बुढ़ी नाच प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य रूप से अमित दुबे, लुलु महतो, विक्की विश्वास, छुटुन महतो, रंजीत दास, शंकर नायक, शरद महतो, रितेन महतो और उज्जवल महतो सहित अन्य सदस्य प्रमुख से सक्रिय रहे।








