Jamshedpur (जमशेदपुर) : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कैनरा बैंक में हुई बड़ी लूट के मामले में पुलिस ने फरार पांच आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं। पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को पांच अज्ञात अपराधियों ने बैंक में डकैती की घटना को अंजाम देकर करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में गोलमुरी थाना कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सदर बाजार से 5 लाख की लूटकांड मामले में पुलिस को फिर सफलता, और तीन आरोपी को किया गिरफ्तार
पांचों आरोपी लगातार बदल रहे ठिकाना
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल सभी पांच आरोपी फिलहाल फरार हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं और पुलिस से छिप रहे हैं। पुलिस ने उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई शुरू की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस ने पांचों संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उनकी पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।

प्रत्येक आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार प्रत्येक आरोपी पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने जारी की आरोपियों की तस्वीरें
पुलिस की ओर से जारी तस्वीरों में पांचों संदिग्ध आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर देखा जा सकता है। पुलिस का मानना है कि तस्वीरों के सार्वजनिक होने से आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकाने तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
कैनरा बैंक में हुई इस वारदात के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी मामले के उद्भेदन के लिए महत्वपूर्ण है।








