एनआईटी जमशेदपुर का 16वाँ दीक्षांत समारोह संपन्न: ‘2047 तक विश्व का नेतृत्व करेगा भारत’— डॉ. गोबर्धन दास; डॉ. अच्युत सामंत बोले— ‘यह मेरे 35 वर्षों के सेवा कार्य का सम्मान’

1,224 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियाँ और 23 मेधावियों को स्वर्ण व रजत पदक; अशोक भगत व डॉ. अच्युत सामंत मानद डी.लिट्. से विभूषित, प्लेसमेंट में ₹94.25 लाख रहा सर्वोच्च पैकेज

​सरायकेला : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर का 16वाँ दीक्षांत समारोह रविवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन सुनील अलघ, निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, डीन एकेडमिक प्रो. एम. के. सिन्हा तथा प्रभारी कुलसचिव डॉ. सरोज कुमार सारंगी की मौजूदगी में कुल 1,224 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।

http://NIT Jamshedpur AIEI 2026:एनआईटी जमशेदपुर में ‘AIEI-2026’ का आगाज: एआई नवाचार बनेगा विकसित भारत का आधार, तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जुटे दुनिया भर के विशेषज्ञ

इनमें 736 बी.टेक., 184 एम.टेक., 112 एमसीए, 100 एम.एससी., 90 पीएच.डी. और 2 एम.डिज़ाइन की उपाधियाँ शामिल हैं। इस अवसर पर विकास भारती के सचिव अशोक भगत तथा KIIT और KISS के संस्थापक एवं पूर्व सांसद प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट्.) की उपाधि से विभूषित किया गया।

 

​समारोह के मुख्य अतिथि व नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तेज़ी से ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।

पिछले वर्ष साढ़े छह लाख विदेशी नागरिक उपचार के लिए भारत आए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को 14 बिलियन डॉलर का योगदान मिला। डॉ. दास ने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा।

​मानद डी.लिट्. की उपाधि प्राप्त करने पर प्रो. डॉ. अच्युत सामंत ने संस्थान प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए इसे अपनी 79वीं मानद डॉक्टरेट उपाधि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पिछले 35 वर्षों से शिक्षा, जनजातीय सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) के माध्यम से 80,000 गरीब आदिवासी बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

​समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 23 मेधावियों को पदक मिले, जिनमें स्नातक की रितिशा रंजन और स्नातकोत्तर के अमिय रंजन कबी को स्वर्ण व रजत दोनों पदक दिए गए। प्लेसमेंट सत्र में स्नातक स्तर पर 95.11% सफलता के साथ 661 छात्रों का चयन हुआ है, जिसमें सर्वोच्च पैकेज ₹94.25 लाख और औसत पैकेज ₹14.36 लाख दर्ज किया गया।

 

​NIT Jamshedpur Placements: एनआईटी जमशेदपुर का गौरव: रक्षा मंत्रालय के उपक्रम BEL में 3 होनहारों का चयन, मिसाइल तकनीक पर करेंगे काम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *