ब्राउन शुगर के कथित कारोबार का विरोध करने पर गोली चलाने का आरोप, दो राउंड फायरिंग की सूचना
Chandil (चांडिल) : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गोलीबारी की घटना में मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (37) घायल हो गए। गोली उनकी कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल पीसीआर वाहन से ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
कपाली : लोडेड देशी कट्टा व गोली के साथ शातिर अपराधी ‘जम्बो’ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहम्मद शोएब (20) नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटनास्थल पर दो राउंड गोली चलने की सूचना मिली है।
घायल के दोस्त डांगरडीह निवासी मोहम्मद साजिद ने घटना के पीछे ब्राउन शुगर की कथित बिक्री का विरोध करने को वजह बताया है। साजिद के अनुसार, घटनास्थल पर चार से पांच युवक मौजूद थे। पहले उसे निशाना बनाकर गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद दूसरी गोली मोहम्मद फैयाज उर्फ पिजू को लगी।
साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, ब्राउन शुगर की कथित बिक्री और गोलीबारी में इन युवकों की संलिप्तता की पुलिस ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। गोलीबारी के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक से भी पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







