चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक कुख्यात आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमोलीया के काड़ाधारा, शिव मंदिर के पास निवासी जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो (26 वर्ष), पिता अंकरू महतो के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी संदिग्ध अवस्था में हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कपाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








