Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की 25वीं वार्षिक आम सभा रविवार, 20 सितंबर को स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एसआर रूंगटा पैवेलियन में संपन्न हुई। संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा की अध्यक्षता में बैठक दोपहर 3:30 बजे शुरू हुई।
बैठक की शुरुआत झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पिछली वार्षिक आम सभा की कार्यवाही की पुष्टि की गई।

127 पन्नों की वार्षिक रिपोर्ट सर्वसम्मति से पारित
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने सत्र 2025-26 की 127 पन्नों की वार्षिक रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की। सदस्यों ने रिपोर्ट पर चर्चा के बाद इसे सर्वसम्मति से अंगीकृत कर लिया।
महासचिव ने पिछले सत्र की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी अनुकूल राय ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतियोगिता में 303 रन बनाने के साथ 18 विकेट हासिल किए और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी प्राप्त किया।
संघ के मधुसूदन तंतुबाई को रणजी टीम का क्षेत्ररक्षण कोच तथा यजुवेंद्र कृष्णात्री को झारखंड अंडर-23 टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
इसके अलावा जिला क्रिकेट संघ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के आजीवन सदस्य अरुण मूंधड़ा को बीसीसीआई अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के लिए झारखंड का मैनेजर नियुक्त किया गया। इसे संघ ने जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
महिला क्रिकेट में चांदमुनी पुरती ने बढ़ाया मान
महिला क्रिकेट में पश्चिमी सिंहभूम की चांदमुनी पुरती के प्रदर्शन की भी सराहना की गई। उन्होंने झारखंड महिला प्रीमियर लीग में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब हासिल किया। संघ ने इसे जिले की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए उत्साहवर्धक उपलब्धि बताया।
वहीं अंतर-जिला अंडर-23 एलिट ग्रुप क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम के उपविजेता बनने पर टीम को बधाई दी गई।
वार्षिक रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद सदस्यों ने महासचिव असीम कुमार सिंह द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट की सराहना की।
वित्तीय वर्ष में 5.59 लाख रुपये की शुद्ध बचत
संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। विभिन्न स्रोतों से हुई आय और अलग-अलग मदों में किए गए खर्च का विस्तृत ब्यौरा सदन के सामने रखा गया।
उन्होंने बताया कि खर्चों के बाद वित्तीय वर्ष में जिला क्रिकेट संघ को 5,59,914 रुपये की शुद्ध बचत हुई है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल किए जाने की जानकारी भी दी गई।
20 लाख आय और 18 लाख रुपये खर्च का बजट
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तैयार बजट पर भी सदस्यों ने विस्तार से चर्चा की। इसके बाद बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। प्रस्तावित बजट के अनुसार आगामी वित्तीय वर्ष में करीब 20 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है, जबकि लगभग 18 लाख रुपये खर्च का प्रावधान किया गया है। इस तरह संघ को आगामी वित्तीय वर्ष में भी बचत होने की संभावना जताई गई।
सदस्यों ने जगनानी एवं अग्रवाल को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पुनः अंकेक्षक नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
26 सितंबर से शुरू होगी पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग
बैठक में आगामी पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। महासचिव ने बताया कि लीग का आयोजन 26 सितंबर से शुरू होगा। लीग के लिए गठित गवर्निंग काउंसिल की अब तक हुई चार बैठकों और उनमें लिए गए निर्णयों से भी सदस्यों को अवगत कराया गया। सदन ने गवर्निंग काउंसिल के निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
बैठक में आगामी सत्र के क्रिकेट कैलेंडर पर भी चर्चा हुई, जिसे सदस्यों ने मंजूरी प्रदान कर दी।
अंत में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने वार्षिक आम सभा में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया और कहा कि मीडिया के माध्यम से संघ की गतिविधियों और क्रिकेट से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंच रही है।
http://समर क्रिकेट कैंप का समापन, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित








