गोलमुरी स्थित पासवान भवन में महानगर अध्यक्ष रवि चौरसिया की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने कहा- चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी निरंतर हो रही मजबूत
Jamshedpur (जमशेदपुर) : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष रवि चौरसिया के नेतृत्व में गोलमुरी स्थित पासवान भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश सचिव मनोज पासवान, सुमन कुमार शर्मा और दया शंकर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित हुए। समारोह के दौरान पार्टी के संस्थापक पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने स्वर्गीय पासवान के आदर्शों और राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के विचारों तथा पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव मनोज पासवान ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान ने सर्वप्रथम दलित सेना का गठन कर दलितों, शोषितों और गरीबों को उनका हक और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का व्यक्तित्व अत्यंत विशाल था; उन्होंने महसूस किया कि शोषित और वंचित वर्ग हर जाति और समुदाय में हैं। इन्हीं सभी वर्गों के उत्थान के लिए उन्होंने 28 नवंबर 2000 को पार्टी की स्थापना की, जो आज एक सशक्त शक्ति के रूप में उभरी है और भारत सरकार के गठन में हमेशा एक मजबूत सहयोगी की भूमिका निभाती रही है।
मनोज पासवान ने आगे कहा कि आज उनके पुत्र और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने पिता की विरासत और विचारों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हम एक ऐसे बेदाग नेता के सिपाही हैं, जिन पर आज तक एक पैसे के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा और जिनका नाम आज भी चौक-चौराहों पर पूरे सम्मान के साथ लिया जाता है।








