शिमला गांव में संदिग्ध हालात में मिला 20 वर्षीय युवक का शव, तीन साल पहले बड़े भाई की भी हुई थी ऐसी ही मौत

पुलिस सड़क दुर्घटना मानकर कर रही जांच, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के शिमला गांव में गुरुवार शाम एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सागर कैवत के रूप में हुई है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को सड़क दुर्घटना से जोड़कर जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच गांव की पगडंडी पर सागर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर गहरा जख्म था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक के भाई सोहन कैवत ने घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि करीब तीन वर्ष पूर्व सागर के बड़े भाई तपन कैवत की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय तपन का शव सीनी में मिला था। अब छोटे भाई सागर की भी इसी तरह संदिग्ध हालात में मौत होने से परिवार गहरे सदमे में है।

दो भाइयों की मौत की घटनाओं में समान परिस्थितियां सामने आने से परिजनों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। परिवार घटना की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग कर रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया दुर्घटना मान रही है। हालांकि, युवक के सिर पर चोट कैसे लगी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *