अध्यक्ष पद पर हरीश चंद्र सामड और विजय सुंबरुई के बीच मुकाबला, 29 नवंबर को होगा मतदान
चाईबासा : आदिवासी हो समाज महासभा के आम चुनाव को लेकर गुरुवार को विभिन्न पदों के उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। जांच में सभी पांच उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए और सभी को वैध घोषित किया गया। वहीं, उपाध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर एक-एक उम्मीदवार होने के कारण तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। अब चुनावी मुकाबला केवल अध्यक्ष पद पर होगा, जहां हरीश चंद्र सामड और विजय सुंबरुई आमने-सामने हैं।
हरिगुटू स्थित कला एवं सांस्कृतिक भवन के चुनावी कार्यालय में सहायक चुनाव पदाधिकारी सनातन बिरुवा तथा कृष्ण चंद्र बिरुली ने उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की। स्क्रूटनी के बाद सभी पांचों उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।

तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
आदिवासी हो समाज महासभा के आम चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए इपिल सामड, महासचिव पद के लिए सोमा कोड़ा तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए इंदू तियू ने अकेले नामांकन दाखिल किया था। इन पदों पर किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण तीनों को चुनावी नियमों के अनुसार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। हालांकि, निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।
सहायक चुनाव पदाधिकारी सनातन सावैयां ने बताया कि तीनों पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ था। इसलिए इन पदों पर चुनावी प्रतिद्वंद्विता नहीं रही।

अध्यक्ष पद पर दो उम्मीदवार आमने-सामने
अध्यक्ष पद के लिए हरीश चंद्र सामड और विजय सुंबरुई ने नामांकन दाखिल किया है। हरीश चंद्र सामड हरिगुटू निवासी हैं, जबकि विजय सुंबरुई करकट्टा गांव के रहने वाले हैं। अध्यक्ष पद के लिए अब दोनों उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन के बाद हो समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में महासभा के पूर्व संगठन सचिव विश्वनाथ तामसोय, बासुदेव सिंकू, गोपाल बोदरा, बबलू सावैयां, सनातन सावैयां, हरीश बोदरा, गणेश बारी, मथुरा चांपिया, कुसुम केराई और गुलशन हेंब्रम समेत अन्य लोग शामिल थे।
29 नवंबर को होगा मतदान
सहायक चुनाव पदाधिकारी सनातन बिरुवा ने बताया कि चुनाव में लोकतांत्रिक गुप्त मतदान प्रणाली अपनाई जाएगी। मतदान 29 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक हरिगुटू स्थित कला एवं संस्कृति भवन में होगा। महासभा के निबंधित आजीवन सदस्य एवं साधारण सदस्य मतदान में भाग ले सकेंगे। मतदान एवं मतगणना के दौरान उम्मीदवारों और उनके चुनावी एजेंटों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।
कई डिग्रियों के धारक हैं निर्विरोध महासचिव सोमा कोड़ा
निर्विरोध निर्वाचित महासचिव सोमा कोड़ा शैक्षणिक रूप से भी खास पहचान रखते हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातक (बीए), कानून में एलएलबी तथा हो भाषा में मास्टर डिग्री हासिल की है। पेशे से अधिवक्ता सोमा कोड़ा जगन्नाथपुर के पाताहातु गांव के निवासी हैं। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के साथ वे महासभा के निवर्तमान महासचिव भी हैं।
आदिवासी हो समाज महासभा अध्यक्ष पद के लिए विजय सुंबरुई ने दाखिल किया नामांकन







