दिलीप तिर्की के बाद अब अभिषेक भारती भी पहुंचा सलाखों के पीछे, पाकरटांड थाना कांड संख्या 25/26 में था वांछित
जमशेदपुर/सिमडेगा। सिमडेगा विधायक से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पाकरटांड पुलिस ने वांछित अभियुक्त पत्रकार (युटुबर) अभिषेक भारती को बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार कर लिया।

अभिषेक भारती के खिलाफ पाकरटांड थाना कांड संख्या 25/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में पुलिस पहले ही दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई को इस मामले में एक और अहम कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि सिमडेगा विधायक पर 14 वर्षीय किशोरी ने कथित दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसी मामले में पीड़िता के दादा ने पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की पर किशोरी का अपहरण कर विधायक के खिलाफ जबरन गलत बयान दिलवाने का आरोप लगाया था। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग के आरोप भी रहे चर्चा में
अभिषेक भारती का नाम पहले भी कई विवादों में चर्चा में रहा है। उस पर पत्रकारिता की आड़ में अधिकारियों और अन्य लोगों को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। सीओ, बीडीओ और थानेदार से लेकर कई लोगों के साथ उसके विवाद की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। यहां तक कि कुछ पत्रकारों को भी उसने निशाने पर लेने की कोशिश की थी। हाल के दिनों में एक बालू कारोबारी के खिलाफ खबर प्रकाशित करने को लेकर कुछ पत्रकारों को घेरने का प्रयास किए जाने की भी चर्चा थी।
अब विधायक से जुड़े मामले में कथित तौर पर गलत बयानबाजी कराने और अपहरण के आरोपों से जुड़े केस में उसकी गिरफ्तारी ने उसे एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। कभी दूसरों पर सवाल उठाने और पत्रकारिता का रौब दिखाने वाला अभिषेक भारती अब खुद पुलिस की गिरफ्त में है। हालांकि, उसके खिलाफ लगे आरोपों की सत्यता का फैसला अदालत में होगा।







